फोटो22एयूआरपी 16- जानकारी देते मृतक के पिता वीरेंद्र कुमार व बड़ा भाई राजन
- फोटो : AURAIYA
अहमदाबाद से बीमारी की हालत में यूपी के मऊ जिले के गांव हैबटपुर अपने घर जाते समय नीरज (19) की मंगलवार की देर रात यहां औरैया सदर कोतवाली के इंडियन आयल चौकी क्षेत्र में पहुंचने पर हालत ज्यादा बिगड़ गई।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मऊ जिले के गांव हैबटपुर में पिता को सूचना मिली तो उनके पास बेटे का शव घर लाने के लिए फूटी कौड़ी नहीं थी।
मजबूरी में उन्होंने 20 हजार रुपये खेत गिरवी रखकर मऊ से गाड़ी करके औरैया पहुंचे। अस्पताल में पुत्र का शव देख वह फफक पड़े।
मऊ जिला के गांव हैबटपुर निवासी मृतक नीरज (19) के पिता वीरेंद्र राजभर ने बताया कि उन्हें पुत्र की मौत की खबर बड़े पुत्र राजन से मिल गई थी। लेकिन गरीबी के चलते पास में पैसा न होने से वह तत्काल नहीं पहुंच सके।
रिश्तेदारों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। मजबूरी में उसने अपनी लगभग एक एकड़ जमीन 20 हजार रुपये में गिरवी रख दी। उसी रकम से गाड़ी किराये पर लेकर औरैया पहुंचा।
बड़े भाई राजन ने बताया कि अब तो वह घर पर रहकर ही कोई नौकरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करने के साथ ही गिरवी रखी जमीन को भी छुड़वाएगा।
उधर जिला प्रशासन की ओर से शव को पिता वीरेंद्र के साथ भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई। जिसमें एक पुलिस कर्मी के अलावा एक राजस्व कर्मी को साथ मऊ भेजा गया।
एसीएमओ डॉ.शिशिर पुरी ने बताया कि मृतक के साथ आए उसके बड़े भाई राजन, मामा के लड़के अजय राजभर व राजन का साला मृत्युंजय का भी सैंपल भेजा गया था। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने पर दूसरी गाड़ी से एंबुलेंस के साथ उन्हें भी घर रवाना किया गया है।