इटावा-कानपुर हाईवे पर गांव चिरुहली के पास सड़क पर खड़े डीसीएम में ट्राला की टक्कर से जान गंवाने वाले 28 मजदूरों में 20 के परिजनों के खाते में दो-दो लाख रुपये की धनराशि हस्तांतरित कर दी गई है।
इसके अलावा दो घायलों के खाते में भी धनराशि भेजी गई है। बाकी का खाता नंबर न मिल पाने की वजह से धनराशि नहीं भेजी जा सकी है।
गांव चिरुहली के पास16 मई की सुबह ट्राला व डीसीएम की भिड़ंत में 28 मजदूरों की मौत हो गई थी।
29 घायलों को सैफई रेफर किया गया था। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद देने का ऐलान किया था।
डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि मृत 28 मजदूरों में 20 के परिजनों के खाते में दो-दो लाख रुपये की धनराशि भेज दी गई है। पश्चिम बंगाल के सात मृतक समेत आठ के परिजनों के खाता नंबर न मिल पाने के कारण उनके खातों में धनराशि नहीं भेजी जा सकी है।
उन्होंने बताया कि नौ गंभीर रूप से घायलों के खातों में भी 50-50 हजार भेजने की तैयारी की जा रही है।
इसमें सिर्फ दो घायलों योगेश्वर कालिंदी पुत्र तारन कालिंदी निवासी खिराबाड़ी थाना पिंडाजोरा जिला बोकारो झारखंड और सुनील कुमार पुत्र प्यारेलाल विश्वकर्मा निवासी उगापुर थाना औरई जिला भदोही उत्तर प्रदेश के खाते में 50-50 हजार रुपये भेजे गए हैं। अन्य घायलों का खाता नंबर अभी नहीं मिल सका है।
---