औरैया। मौसम के बदले मिजाज ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। जिले में रविवार सुबह से बादल छाए रहे। दिन भर हवा चलती रही। कृषि व मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि बारिश होती है तो इससे किसानों को नुकसान हो सकता है। तेज हवा चलने से कई जगह गेहूं की फसल गिर गई। सदर ब्लॉक के प्रगतिशील किसान कवींद्र सिंह ने बताया कि फाल्गुन में गेहूं की बालियों में दाने पड़ जाते हैं। इससे पौधे भारी हो जाते हैं। कहा कि यदि बारिश के साथ हवा चली तो काफी नुकसान होगा। किसान अहसान खां का कहना है कि अभी बारिश किसी भी फसल के लिए फायदेमंद नहीं है। उन्होंने कहा कि अगेती सब्जियों में फूल आ रहे हैं।
सहार ब्लॉक की ग्राम पंचायत सहायल के किसान राम प्रकाश तिवारी का कहना है कि शुक्रवार को हुई हल्की बारिश और तेज हवा से फसलों को खासा नुकसान हुआ है। रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाओं से गेहूं की फसल गिरने लगी है। जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार का कहना है कि जिले में सामान्य से अधिक हवा चल रही है। कई स्थानों से गेहूं की फसल के गिरने की सूचना मिली है।
नुकसान की सूचना देें किसान
गेहूं का बीमा कराने वाले किसान 72 घंटे के अंदर बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर पर सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा उप संभागीय कृषि प्रसार, जिला कृषि अधिकारी या उप कृषि निदेशक कार्यालय में आवेदन दे सकते हैं। बताया कि ब्लॉकों मेें बीज गोदामों पर भी क्षतिपूर्ति आवेदन लिया जाएगा।
पश्चिमी विक्षोभ से हो रहा मौसम में बदलाव
कृषि विज्ञान केंद्र परवाहा के प्रभारी डॉ. अनंत कुमार का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। किसान परेशान न हों, सोमवार तक मौसम ठीक होने की संभावना है।