औरैया। चिचौली मेडिकल कॉलेज में अब मरीजों को 24 घंटे 117 तरह की जांचों की सुविधा मिलेगी।
इसके लिए शासन के निर्देश पर सेंट्रल लैब के साथ पीएम-अभीम योजना के तहत इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (आईपीएसएल) को एकीकृत कर दिया गया है। अभी तक ओपीडी के बाद इमरजेंसी व वार्ड के मरीजों को ही ये सुविधा मिल पा रही थी।
चिचौली मेडिकल कॉलेज में अभी तक महज पीपीपी मॉडल पर सेंट्रल लैब के जरिये स्वास्थ्य जांचों की सुविधा मरीजों को मिल रही थी। दोनों के एकीकृत हो जाने के बाद अब 117 तरह की जांचें मरीजों को 24 घंटे मिलने का रास्ता साफ हो गया है। प्राचार्य की ओर से जारी पत्र के अनुसार मेडिकल कॉलेज में बनी इस लैब को सेंट्रल लैब के साथ एकीकृत कर दिया गया है। अब इस संयुक्त लैब का संचालन 24 घंटे अनवरत रूप से किया जाएगा।
इस व्यवस्था के लागू होने से मरीजों को निर्धारित सभी 117 प्रकार की आवश्यक पैथोलॉजिकल व चिकित्सीय जांचें निशुल्क व प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध होंगी। शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक व सेंट्रल लैब के नोडल अधिकारी को निर्देश भी दिए गए हैं।
-
रात में होती थी जांच कराने की दिक्कत
बड़ी और गंभीर मामलों की जांचों को लेकर रात के समय मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ती थी। कभी कभार मरीजों को दिन तक का इंतजार करना पड़ता था लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत इन जांचों को रात में ही कराया जा सकेगा।
वर्जन
इस नई पहल से औरैया व आसपास के मरीजों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और बिना किसी शुल्क के व्यापक जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। इससे उन्हें बाहर निजी लैब में भटकना नहीं पड़ेगा। शासन से जारी हुए निर्देश के बाद इसे लागू कर दिया गया है।-प्रो. डॉ. पवन कुमार शर्मा, सीएमएस मेडिकल कॉलेज