ककोर। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विकास भवन परिसर में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने दीप जलाकर किया। इसके बाद उन्होंने गो-पूजन किया। इस मौके पर दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में सभी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए। इसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को चेक के माध्यम से आर्थिक सहायता देकर लाभान्वित किया गया।
इस मौके पर जिला दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा मुकलेश देवी, श्याम, बलबीर सिंह तथा प्रमोद कुमार को इलेक्ट्रॉनिक ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 180 बच्चों को व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, रोलेटर्स, हियरिंग मशीन, ब्रेन लिपि किट एवं विशेष टीएलएम किट वितरित की गई।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को ट्रैक्टरों एवं आधुनिक कृषि यंत्रों का आवंटन किया गया। प्रभारी मंत्री ने किसानों से सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर खेती को लाभकारी बनाने का आह्वान किया। वहीं, मिशन ज्योतिर्गमय के तहत 120 विद्यालयों का चयन किया गया। जिन्होंने कायाकल्प, कायाकल्प प्लस एवं कायाकल्प प्लस-प्लस के मानकों को पूरा किया।
मिशन ज्योतिर्गमय एवं दक्षता कार्यक्रम के तहत शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का जनपद स्तर पर तीन मॉड्यूल में प्रशिक्षण भी कराया गया। कार्यक्रम में डीएम डॉ. इंद्रमणि, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।