दिबियापुर (औरैया)। दैनिक यात्रियों की लाइफ लाइन स्पेशल सुपरफास्ट आगरा लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के निरस्तीकरण की अवधि एक महीने बढ़ा दी गई है। यह ट्रेन 30 जून तक निरस्त रहेगी। पूर्व में इसके निरस्तीकरण की तिथि 31 मई तक निर्धारित थी।
औरैया के विभिन्न कस्बों से कानपुर नौकरी करने के लिए जाने वाले एवं व्यापारियों के लिए फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली आगरा लखनऊ इंटरसिटी काफी मुफीद ट्रेन है। व्यापारी एवं नौकरीपेशा लोग इस ट्रेन से सुबह कानपुर और लखनऊ जाकर वापस लौट सकता है। परंतु पिछले दिनों इस ट्रेन को 15 मई से 31 मई तक निरस्त कर दिया गया था।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा के अनुसार 02179 अप लखनऊ जंक्शन से आगरा फोर्ट एवं 02180 डाउन आगरा फोर्ट से लखनऊ जंक्शन के लिए चलने वाली ट्रेनें 30 जून तक के लिए निरस्त कर दी गई है। बता दें कि बुधवार को ही रेल प्रशासन ने फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली स्पेशल संगम एक्सप्रेस के फेरों में कमी करने का निर्णय लिया था। संगम एक्सप्रेस अब केवल 4 दिन ही चलेगी। जबकि दो जोड़ी स्पेशल अनारक्षित ट्रेनें पहले से ही 31 मई तक के लिए निरस्त चल रहीं हैं।