औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 18 से 44 साल के लोगों में पहली जून से टीकाकरण अभियान शुरू होगा। इस संबंध में अपर प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद का पत्र विभागीय अधिकारियों को प्राप्त हुआ है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि प्रमुख सचिव के पत्र प्राप्त होते ही 18 से 44 साल आयु वर्ग के लोगों को टीकाकरण की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिन 47 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्हीं केंद्रों पर इस आयु वर्ग के लोगों का भी टीकाकरण एक जून से होगा। इस संबंध में दिशा निर्देश दिए हैं। हालांकि अभी वैक्सीन प्राप्त नहीं हुई हैं। उम्मीद है कि 29 मई को इस आयु वर्ग के लोगों का टीका लगवाने के लिए वैक्सीन मिल जाएगी। बता दें कि जिले में 18 से 44 वर्ष आयु के लोगों की आबादी छह लाख के करीब है।
पवन पाल ने बताया कि जब पहला चरण शुरू हुआ था। तभी से ही वह वैक्सीन लगने का इंतजार कर रहे हैं। धीरे-धीरे वायरस ज्यादा घातक होने पर वह जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाना चाहते हैं। बताया कि रजिस्ट्रेशन तो कराया लेकिन स्लॉट नहीं मिला है।
हिमांशु ने बताया कि कोरोना महामारी से लोगों की जान जा रही है। अखबारों और अन्य माध्यमों से पता चला है वैक्सीन लगवाने वालों को कोरोना अपनी चपेट में नहीं लेता। ऐसे में टीका लगवाना ही सुरक्षित है।
विशाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण से लोगों की जान पर आ रही है। ऐसे में टीका लगवाना ही समझदारी है। जिले में जल्द टीकाकरण शुरू होने से टीकाकरण कराने वालों की संख्या में इजाफा होगा।
युवक राज ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एक मात्र रास्ता वैक्सीन ही है। सभी को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण कराना जरूरी है। साथ ही सावधानी भी।