औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले में गुरुवार को टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसमें बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को लाभार्थियों की संख्या अधिक देखने को मिली।
टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि गुरुवार को जिले में 39 सेंटरों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसमें 1044 लोगों ने टीकाकरण कराया। बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 428 ने पहली डोज लगवाई, जबकि 616 लाभार्थियों ने दूसरी डोज लगवाई है।
बताया कि जब तक सभी लाभार्थियों का टीकाकरण नहीं हो जाता। तब तक टीकाकरण अभियान जारी रहेगा। बताया कि एक मई से जिले में निवास करने वाले 18 साल से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण शुरू होना है। इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी है। सभी लाभार्थियों को सूचित करने के साथ ही टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।