तीन दिन बाद जिले में शुरू हो रहीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विद्यालय किस कदर लापरवाह हैं, इसकी बानगी शनिवार को देखने को मिली। शनिवार तक जिले के चार विद्यालय बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाएं, प्रश्नपत्र और परीक्षार्थियों के प्रवेश लेने नहीं आए हैं। बोर्ड परीक्षा को लेकर इस उदासीनता पर डीआईओएस ने संबंधित विद्यालयों को अंतिम चेतावनी जारी की है।
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर पहले से सूचित कर पिछले एक सप्ताह से डीआईओएस कार्यालय परीक्षा केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाएं, प्रश्नपत्र तो साथ ही माध्यमिक विद्यालयों को प्रवेश आवंटित किए जा रहे हैं। आगामी 18 फरवरी से शुरु हो रहीं बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर डीआईओएस कार्यालय 135 परीक्षा क्रेदों के साथ ही जिले के कुल 265 इंटर कालेजों/ उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को उत्तर पुस्तिकाएं, प्रश्नपत्र और प्रवेश पत्र आवंटित कर रहा है।
पिछले एक सप्ताह आवंटन की चल रही प्रक्रिया के बाद भी जिले के जनप्रिय सुरेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मल्हौसी, मां शारदे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दिबियापुर, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भैसाल व लखनौ ने अपने-अपने विद्यालयों के बच्चों के प्रवेश पत्रों के साथ ही उत्तर पुस्तिकाएं व प्रश्नपत्र प्राप्त नहीं किए हैं। बोर्ड परीक्षा के प्रति लापरवाही से खफा डीआईओएस ने उक्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए सोमवार तक परीक्षा सामग्री प्राप्त करने की समय दिया है।
बीजक से मिलान करें प्रश्न पत्र
बोर्ड परीक्षा को लेकर केद्र व्यवस्थापकों को उपलब्ध कराए गए प्रश्नपत्रों को जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्र प्रताप ने बीजक से मिलान करने के निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस ने केद्र व्यवस्थापकों को मिलान में निर्धारित संख्या से कम प्रश्नपत्र पाए जाने तथा अन्य कोई त्रुटि की लिखित सूचना आगामी 15 फरवरी को शहर के नगर पालिका इंटर कालेज में होने वाली बैठक में साथ लेकर आने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि इस कार्य में लापरवाही के केंद्र व्यवस्थापक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
सूचनाएं उपलब्ध कराएं प्रधानाचार्य
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्र प्रताप सिंह ने अब तक रजिस्टर व टीचरों की सूची व अन्य प्रपत्र प्रेषित न करने वाले माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अविलंब सूचनाएं कार्यालय को उपलब्ध कराए जाने को निर्देशित किया है। ताकि बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति का काम समय से पूरा किया जा सके।
बोर्ड परीक्षा कार्य में लापरवाही बरते रहे संबंधित विद्यालयों को चेतावनी दी गई है। उक्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सोमवार तक का समय दिया गया है। अन्यथा की सूरत में उन पर कार्रवाई की जाएगी।
चंद्र प्रताप सिंह
डीआईओएस