एरवाकटरा। एरवाकुइली गांव में संचालित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर सिर्फ चहेतों के धान की खरीद होने से किसान भड़क गए और हंगामा किया। एसडीएम के निर्देश पर पहुंचे नायब तहसीलदार व लेखपाल ने अभिलेखों की जांच की और अपने साथ ले गए। उन्होंने किसानों को कार्रवाई का भरोसा दिया है।
किसानों ने आरोप लगाया कि वह लोग अपना धान बेचने के लिए 15-20 दिन से आ रहे हैं। केंद्र पर आढ़तियों व राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों का ही धान खरीदा जा रहा है। उन लोगों को रोज टरका दिया जाता है। मंगलवार को किसानों ने इसकी सूचना एसडीएम बिधूना राम औतार को दी।
इस पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार पीयूष साहू व लेखपाल योगेश शाक्य को मौके पर भेजकर जांच कराई। नायब तहसीलदार ने मौके पर मिले किसान बेंचेलाल कश्यप, शिव कुमार, श्याम प्रकाश तिवारी, सर्वेद्र, चेतराम, मुखलाल आदि की शिकायतें सुनीं और अभिलेखों की जांच कर अपने साथ ले गए।
नायाब तहसीलदार ने बताया कि प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी जाएगी। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि केंद्र पर मौजूद किसानों का धान प्राथमिकता के आधार पर खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों की शिकायत पर मौके पर नायाब तहसीलदार को भेजा गया था। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।