औरैया। मुख्यमंत्री कार्यालय में विधायक व एक अन्य ट्रांसपोर्टर की ओर से की गई शिकायत की जांच करने कानपुर परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त आरआर सोनी एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। लगाए गए जुर्माने के संबंध में कागजातों को खंगाला। वहीं, फोन पर विधायक का पक्ष दर्ज किया।
तत्कालीन एआरटीओ सुदेश तिवारी के वाहनों पर किए जाने वाले जुर्माने की चर्चा आम थी। उनकी तैनाती के समय उन्होंने राजस्थान के ट्रांसपोर्टर बनवारीलाल के भूसे लदे ट्रक पर 1.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। जनपद में बेलगाम हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर शिकंजा कसने के लिए एआरटीओ सुदेश तिवारी ने भारी भरकम जुर्मान लगाया शुरू किया। इस कार्रवाई से नेता नाखुश थे तभी सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने मुख्यमंत्री कार्यालय में अधिकारी के खिलाफ शिकायत की।
इसकी जांच कानपुर के उप परिवहन आयुक्त आरआर सोनी को सौपी गई। गुरुवार दोपहर वह ककोर स्थित एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। वहां भूसे लदे ट्रक पर की गई कार्रवाई के कागजात को खंगाला। उप परिवहन आयुक्त आरआर सोनी ने बताया कि विधायक से मुलाकात न होने के कारण उनका पक्ष फोन पर लेकर दर्ज किया गया है। उनकी शिकायत थी कि तत्कालीन एआरटीओ सुदेश तिवारी गरीबों का अनहित कर रहे हैं। जांच कर ली गई है। रिपोर्ट उच्चाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी।