चालक की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस ने बरामद की कार
- खुद ही कार बेचने की नीयत से चालक ने षड्यंत्र रचा था
- दिल्ली से औरैया आकर खड़ी कर गया था कार, लिखा दी थी चोरी की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। नई दिल्ली से पांच दिन पहले कार चोरी होने पर चालक ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शक होने पर जब पुलिस ने सख्ती की तो चालक ने खुद षड्यंत्र रचना कबूल किया। शनिवार को हिरासत में लिए गए चालक की निशानदेही के बाद दिल्ली पुलिस ने औरैया से कार बरामद कर ली। पुलिस चालक व कार को अपने साथ दिल्ली ले गई।
नई दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र निवासी कार मालिक ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी स्विफ्ट डिजायर कार टैक्सी परमिट पर चलती है। इसे दिल्ली निवासी चालक अमित सिंह चलाता है। 18 मई को चालक ने बवाना थाने में कार लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जब छानबीन की तो मामला कुछ गड़बड़ समझ में आया। इस पर मालिक के शक जताने पर पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चालक ने सब कुछ कबूल दिया। आरोपी चालक ने बताया कि वह 17 मई को औरैया आया था। जहां उसने कार बहादुरपुर में सड़क किनारे खड़ी कर दी। फिर दिल्ली पहुंचकर 18 मई को कार लूटे जाने की तहरीर पुलिस को देकर रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। उसने बताया कि चोरी का मामला दबने के बाद वह कार बेच देता। इस संबंध में कोतवाली क्राइम इंस्पेक्टर श्याम लाल ने किसी भी जानकारी के होने से इंकार किया है।