मृतक आनंद कुमार उर्फ भानू प्रताप फाइल फोटो।
- फोटो : AURAIYA
बिधूना कोतवाली क्षेत्र रुरुगंज चौकी क्षेत्र के पुरवा भारमल गांव के आनंद कुमार (25) की सौरिख, कन्नौज स्थित ससुराल में मौत हो गई। चाचा प्रेम चंद्र ने सौरिख थाने में तहरीर देकर भतीजे को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है। ।
रुरुगंज गांव निवासी प्रेम चंद्र ने बताया कि भतीजे आनंद कुमार उर्फ भानु प्रताप की पत्नी आरती से किसी बात को लेकर 12 दिसंबर को अनबन हो गई थी। इसके बाद आरती मायके चली गई। आनंद 21 दिसंबर को उसे लेने सौरिख क्षेत्र स्थित ससुराल गया था। 22 दिसंबर को उसकी ससुराल में मौत हो गई।
सौरिख पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव को परिजनों को सौंप दिया। देर शाम आनंद का शव कन्नौज से घर पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों ने दुखी परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराया। इधर, प्रेम चंद्र का आरोप है कि आनंद के साथ उसके ससुराल वालों ने मारपीट की थी।
मरने से पहले इसकी जानकारी आनंद ने उन्हें दी थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने आनंद को जहर देकर मारा है। चाचा की तहरीर पर सौरिख थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रेम चंद्र के मुताबिक आनंद की शादी चार साल हुई थी।
वह नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। आनंद के बेटी बंधना (2) और दो माह का एक बेटा है। सौरिख थाना प्रभारी के मुताबिक मामले में आनंद की पत्नी आरती, साले पटु और ससुर सुरेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।