फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र के पाता-कन्हो मार्ग पर वन विभाग के जंगल में युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। देर रात तक पुलिस मृतक की शिनाख्त नहीं कर सकी।
पाता-कन्हो मार्ग पर वन विभाग के जंगल में एक 30 वर्षीय युवक शव पेड़ से लटके होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक लोग मृतक की पहचान में जुटे रहे, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इधर पुलिस ने भी आस पास से गांवों से संपर्क किया। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के दाहिने हाथ पर नीरज लिखा हुआ है। आसपास के थाना में फोटो भेजी गई है, सोशल मीडिया के जरिए पहचान कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है।