बेला (औरैया)। थानाक्षेत्र के ग्राम कोहराई में सोमवार दोपहर महिला कमरे के अंदर फंदे पर लटकी मिली। स्कूल से लौटे बच्चों ने मां को फंदे पर लटका देख पड़ोसियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोहराई निवासी संतोष कठेरिया ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। रोजाना की तरह सुबह बिधूना काम करने गए थे। बच्चे स्कूल चले गए थे। दोपहर में बेटा सूरज, गोपाल और बेटी दिशा स्कूल से घर आए तो घर का दरवाजा बंद था। बच्चों ने जब खिड़की से झांककर देखा तो कमरे में पत्नी नीलम (30) का शव फंदे पर लटका था। इस पर बच्चों ने पड़ोस में रहने वाले चाचा व ग्रामीणों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर जांच शुरू की। दरोगा नीरज त्रिपाठी ने बताया कि अभी सूचना के आधार पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मायके वालों को भी घटना की जानकारी दी गई है।