दिबियापुर (औरैया)। ससुरालियों ने दहेज के लिए उत्पीड़न कर नवविवाहिता को घर से निकाल दिया। बाद में पति ने फोन पर प्रताड़ित करने वाली बातें कहीं तो विवाहिता ने शादी के 9 माह बाद ही आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने सेना में तैनात अपने दामाद समेत मैनपुरी निवासी पुत्री के ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शशिभूषण सिंह पुत्र विश्राम सिंह निवासी रामकृष्ण नगर दिबियापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने अपनी बेटी गौरवी की शादी 27 फरवरी 2019 को सेना में नौकरी कर रहे पवन सिंह भदौरिया पुत्र सत्यभान सिंह निवासी महमूदनगर आगरा रोड मैनपुरी के साथ की थी। शादी में लगभग 28 लाख रुपये खर्च किए थे। परंतु शादी के बाद से ही पति पवन, ससुर सत्यभान सिंह, देवर अरुण सिंह, सास ममता देवी दहेज में 5 लाख रुपये एवं कार की मांग करने लगे। 26 अक्तूबर को भी गौरवी को ससुरालियों ने प्रताड़ित किया। सूचना पर शिकायतकर्ता अपने परिवार के सदस्यों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचा। यहां पर ससुरालियों ने वाद-विवाद किया। साथ ही गौरवी के देवर ने लाइसेंसी बंदूक से फायर भी किए और जान से मारने की धमकी दी। 5 नवंबर को शिकायतकर्ता का पुत्र गौरवी से मिलने ससुराल गया तो ससुरालियों ने गौरवी को उसके साथ भेज दिया। साथ ही कहा कि अब 5 लाख रुपये एवं कार लाने पर ही यहां आना। 26 नवंबर को फोन पर गौरवी से उसके पति ने प्रताड़ित करने वाली बातें कहीं। इस पर क्षुब्ध होकर गौरवी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। बाद में कानपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान गौरवी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।