दिबियापुर। होली के त्योहार पर दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। ट्रेनों के आरक्षित कोचों में सीटें फुल होने के कारण तत्काल आरक्षण कराने पहुंचे यात्रियों को भी मायूसी हाथ आई। लाइन में आगे खड़े लोगों को ही तत्काल आरक्षण मिल सका। अन्य लोगों को बिना तत्काल टिकट के ही वापस लौटना पड़ा।
रेलवे स्टेशन फफूंद के आरक्षण केंद्र पर पहुंच रहे यात्रियों को होली के त्योहार पर ट्रेनों में वेटिंग टिकट मिल पा रहा है। अब कल रविवार को होली का त्योहार होने के कारण लोग जल्दी से जल्दी अपने घरों तक पहुंचना चाहते हैं। इसके लिए तत्काल टिकट ही यात्रियों के लिए एक मात्र सहारा बचा। सुबह चार बजे से ही यात्री लाइन में आकर खड़े हो गए। यहां यात्रियों ने अपनी तरफ से सूची भी लगा दी। यात्रियों के अनुसार लाइन में आगे लगे लोगों को ही तत्काल आरक्षण मिल पाता है। इसलिए सुबह से ही लाइन में लगने की मजबूरी होती है।
फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली दिल्ली से आने वाली 12004 डाउन स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में 25 मार्च से एवं 12420 गोमती एक्सप्रेस में 24 मार्च से लगातार आरक्षण मिल पा रहा है। 15484 डाउन महानंदा एक्सप्रेस, 14218 डाउन ऊंचाहार एक्सप्रेस में 24 एवं 25 मार्च को आरक्षण मिल रहा है, लेकिन 26 मार्च को वेटिंग है। 12312 डाउन नेताजी एक्सप्रेस में लगातार वेटिंग टिकट ही मिल पा रहे हैं। होली के त्योहार पर घर पर छुट्टी मनाकर वापस दिल्ली लौटने वालों नौकरीपेशा लोगों को भी मुसीबत उठानी पड़ेगी। दिल्ली की ओर जाने वाली 12003 अप स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, 12419 अप गोमती एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनों में केवल वेटिंग टिकट ही मिल पा रहे हैं। यात्रियों ने अन्य संसाधनों से वापस लौटने का मन बनाया है।