जान जोखिम में डालकर निकलते राहगीर। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अछल्दा। रेलवे क्रासिंग पर शुक्रवार को अप ट्रैक पर साफ-सफाई व ट्रैक मरम्मत की वजह से करीब दो घंटे फाटक बंद रहा। पहले से कोई सूचना न होने के कारण क्रासिंग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। फाटक बंद होने के बावजूद भी राहगीर अपनी जान जोखिम मेें डालकर क्रासिंग से गुजरते रहे।
अछल्दा रेलवे स्टेशन की 13 बी अप ट्रैक पर शुक्रवार को दो बीसीएम, एक सीएसएम, एक डीजीएस मशीन से करीब दो बजकर पांच मिनट पर ट्रैक मरम्मत व साफ-साफ सफाई का काम शुरू हुआ। करीब दो घंटे ट्रैक पर काम चलने की वजह से फाटक बंद रखा गया। क्रासिंग के दोनों और वाहनों की कतारें लगी रही और उमस भरी गर्मी में फंसे राहगीर लू के थपेड़े झेलते हुए फाटक खुलने का इंतजार करते रहे।
कुछ दोपहिया सवार राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर मरम्मत के दौरान फाटक के नीचे से निकलते दिखे। हैरत की बात तो यह है कि किसी भी रेलवे कर्मचारी व अधिकारी ने इन राहगीरों को रोकना उचित नहीं समझा। पीडब्ल्यूआई सुधीर कुमार ने बताया कि अप ट्रैक मरम्मत का कार्य दो बजकर पांच मिनट से शुरू होकर चार बजकर पांच मिनट तक चला। इस दौरान फाटक बंद रहा।
आज से तीन दिन होगी मरम्मत
रेलवे फाटक संख्या 14सी अछल्दा रेलवे स्टेशन के पश्चिम और किलो मीटर 1119/05-07 के बीच 21 मई से 23 मई तक सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक मरम्मत का काम चलेगा। इस वजह से रेलवे फाटक यातायात के लिए बंद रहेगा। उक्त जानकारी वरिष्ठ खंड अभियंता फफूंद ने दी है।