क्षेत्र के गांव टकापुर के पास भोगनीपुर प्रखंड नहर में एक युवक का नग्न शव तैरता दिखाई पड़ा। सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इक ट्ठा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान नहीं हो सकी। युवक की हत्या की आशंका जताई गई।
गांव टकापुर के ग्रामीण शुक्रवार की सुबह शौच क्रिया के लिए खेतों की ओर गए। इन्होंने नहर में एक युवक का नग्न हालत में शव फंसा देखा। यहां काफी संख्या में भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष अयाना रामबदन सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। इन्होंने मशक्कत कर शव बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र करीब 27 साल होगी। मृतक कान में एक वाली पहने था। हाथ में कलावा बंधा हुआ था। चेहरे पर सूजन थी।
इससे चेहरे पर वार कर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का मानना है कि हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामबदन ने बताया कि शव चार पांच दिन पुराना लग रहा है। आसपास के थानों में सूचना देकर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।