दिबियापुर सीएचसी में चिकित्साधिकारी से जानकारी लेती नायब तहसीलदार निधि पांडेय।
- फोटो : amar ujala beuro
दिबियापुर-सहायल मार्ग पर बुधवार रात मिले महिला के शव को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
सहायल-दिबियापुर मार्ग पर बुधवार रात एक महिला सड़क किनारे पड़ी थी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच पहुंचे असू सहायल निवासी महिला गीता (26) का पति उमेश कुमार महिला को लेकर दिबियापुर सीएचसी पहुंचा। यहां चिकित्साधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार सुबह नायब तहसीलदार निधि पांडेय ने सीएचसी दिबियापुर पहुंचकर उमेश और स्वास्थ्य कर्मियों से घटना की जानकारी ली। उमेश ने बताया कि उसकी पत्नी बीमार थी। डाक्टर से इलाज लेने आई थी। उसे बाद में पता चला कि उसकी पत्नी रास्ते में पड़ी है। डाक्टर पर उसने लापरवाही का आरोप लगाया। इधर, गुरुवार सुबह पहुंचे गीता के पिता एवं परिजनों ने सीएचसी पर हंगामा काटा। आरोप लगाया कि उमेश अपनी पत्नी की सही से देखभाल नहीं करता था। उन्होंने उमेश पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही आश्वस्त किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
शराबी युवक भी असू गांव का निकला
सहायल रोड पर बेहोशी की हालत में मिले शराबी युवक भी असू गांव का ही निकला। सूचना पर पुलिस ने युवक को एंबुलेंस से दिबियापुर सीएचसी भेजा था। बाद में युवक ने सीएचसी दिबियापुर में देर रात तक हंगामा काटा था। थानाध्यक्ष संतोष मिश्रा के अनुसार महिला की मौत की सूचना पर असू गांव के कई लोग सीएचसी में पहुंचे थे। उन्होंने युवक पिंटू को गांव का निवासी बताया था। पूर्व प्रधान उसे अपने साथ ले गए।