इसी कमरे में जमीन के अंदर गड़े थे जेवर
- फोटो : amarujala
अयाना (औैैरैया)। थाना क्षेत्र के प्रयागपुर गांव के एक मकान में रविवार की रात चोरों ने जमीन में गड़े पुरखों के जेवरात समेत 35 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय सास-बहू बाहरी कमरे में सो रही थीं, जबकि गृहस्वामिनी का बेटा बाहर चबूतरे पर लेटा था। बिजली आने पर उन्हें कमरे का ताला टूटा मिला तब चोरी की जानकारी हुई।
प्रयागपुर गांव में रामकली पत्नी स्व. गोपी कुशवाहा का मकान है। रामकली के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा निहाल अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रहता है, जबकि छोटा बेटा गुड्डू अपनी पत्नी ममता के साथ गांव में ही रहकर खेती-किसानी करता है। रविवार की रात गुड्डू अपने घर के बाहर बने चबूतरे पर सोने चला गया। घर के अंदर रामकली और उसकी बहू ममता सो गईं। रात के समय गांव में बिजली गुल थी। इस बीच चोर रामकली के मकान में घुस गए और कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे में 35 हजार रुपये नगद और वहीं जमीन में गड़े पुरखों के करीब दो लाख के जेवरात जिसमें करधन, बिछुआ, लच्छा, पायलें और सोने की अंगूठी खोद ले गए। रात 12 बजे के बाद जब बिजली आई तब रामकली की आंख खुली तो उसने कमरे का ताला टूटा पाया। अंदर जाकर देखा तो जेवर-नगदी गायब थी। शोर मचाने पर बेटा-बहू व ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने फोन से पुलिस को सूचना दी। अयाना थाने के एसआई योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने चोरी की घटना की जांच की। एसआई योगेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा। जमीन में गड़े जेवरात चोरी होने की घटना में किसी जानकार का हाथ लग रहा है।