मृतक नूर मोहम्मद का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा खानपुर निवासी युवक की हत्या कर शव गायब करने में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद दो युवकों को हिरासत में लिया है। परिजनों ने शव की बरामदगी को लेकर कोतवाली में हंगामा किया। कोतवाली में सुनवाई न होते देख परिजनों ने डीएम से भी गुहार लगाई। मामले में सदर कोतवाल ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हत्या अवैध संबंधों को लेकर हुई है। शव की यमुना में तलाश की जा रही है।
कस्बा खानपुर निवासी सलीम अहमद पुत्र नवी बक्श ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसके भाई नूर मोहम्मद उर्फ नूरे के दोस्त शकील पुत्र किफायत उल्ला का लंबे समय से घर आना-जाना था। इस बीच उसके नूर मोहम्मद की पत्नी से अवैध संबंध हो गए। इसकी जानकारी जब नूर मोहम्मद को हुई तो उसने विरोध किया। इसके बाद शकील और रफीक पुत्र उम्रदराज 11 अगस्त को नूर मोहम्मद को अपने साथ कार में ले गए। देररात तक भाई के घर न लौटने पर शकील के घर जाकर पूछा तो वह बहानेबाजी करने लगा। नूर मोहम्मद को तलाशने के लिए वह भी उसके साथ चल दिया। लेकिन नूर का कही पता नहीं चला। इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा ने बताया कि हत्या के आरोप में शकील और रफीक को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में उन्होंने नूर मोहम्मद की हत्या कर शव को यमुना नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
चार साल मृतक के घर आ रहा था हत्यारोपी
खानपुर में अवैध संबंधों के चलते नूर मोहम्मद की हत्या करने वाले हत्यारोपियों का बीते चार साल से मृतक के घर आना-जाना था। मृतक नूर मोहम्मद की पत्नी ने बताया कि हत्यारोपी युवक उसके साथ निकाह करने का दबाव बना रहा था। लेकिन उसने मना कर दिया। इससे आक्रोशित होकर उसने पति को मार दिया।