दुकान में रखे खाली डिब्बे दिखाता दुकानदार।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली इलाके के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव जनेतपुर के पास परचून की दुकान में चोरों ने सेंध लगा दी। चोर यहां से नगदी समेत 50 हजार रुपये की कीमत का सामान चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव जनेतपुर धौरेरा निवासी आनंद सिंह पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ जनेतपुर गांव के बाहर परचून की दुकान किए हैं। शनिवार की देरशाम वह दुकान में ताला लगाकर घर चले गए। रविवार की सुबह लगभग सात बजे वह दुकान खोलकर अंदर पहुंचे। दुकान के अंदर की हालत देख इनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। गोलक टूटी थी। दुकान में पीछे की ओर सेंध लगी थी। दुकान मालिक आनंद ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
पुलिस ने जांच पड़ताल की। इस दौरान दुकान मालिक आनंद ने बताया कि चोरों ने सेंध लगाकर दुकान में रखे आठ हजार रुपये व लगभग 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया है। चोरी गए सामान में साबुन व किराना मर्चेंट का सामान है। चोर माल निकालकर गत्ता दुकान में ही फें क गए। कंटरों से भी सामान चोरी हो गया। आनंद ने बताया कि दुकान से होने वाली आमदनी से ही घर का गुजारा होता है। पुलिस ने पीड़ित को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
जुलाई माह में भी हुई थी चोरी
आनंद की दुकान में इससे पहले भी चोरी हो चुकी है। इस चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो सका। आनंद ने बताया कि 22 जुलाई 2016 को भी दुकान में चोरी हुई थी। तब भी चोरों ने सेंध लगाई थी। आनंद ने पहले चोरी करने वालों पर ही अंदेशा जताया है। आनंद ने बताया कि चोर गांव या उसके आसपास के ही हो सकते हैं।