कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सराय इमलिया में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में लापरवाही करने पर एसपी ने एसआई समेत तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। हालांकि पुलिस ने मामले का खुलासा करने के लिए करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
मंगलवार शाम क्षेत्र के ग्राम सराय अमिलिया में आठ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई थी। कोतवाली पुलिस की ओर से तत्काल शव उठा ले जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव कर बाबरपुर रोड जाम कर दिया था। मंगलवार देर रात जब उच्चाधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे तो आक्रोशित भीड़ ने हाइवे जाम कर रोडवेज बस में आग लगा दी थी।
उधर एसपी सत्यार्थ अनुरूद्ध पंकज ने घटनास्थल पर पहुंचने में लापरवाही बरतने वाले एसएसआई मानवेंद्र सिंह यादव और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। एसपी ने परिजनों को जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया है। साथ ही खुलासे के लिए टीमों का गठन किया। टीमें घटना का खुलासा किए जाने के लिए दबिश भी दे रही हैं। लेकिन अभी तक कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी है। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
छावनी में तब्दील हुआ कस्बा
औरैया। अजीतमल-बाबरपुर कस्बा मंगलवार देर शाम से छावनी में तब्दील हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने अजीतमल कस्बे में पीएसी बल के अलावा अन्य थानों का फोर्स तैनात किया। वहीं एसपी सत्यार्थ अनुरूद्ध पंकज अजीतमल कोतवाली में डेरा जमाए रहे। घटना के 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस खाली हाथ ही नजर आ रही है। इसके अलावा एएसपी विपुल श्रीवास्तव, एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव, सीओ अजीतमल जीडी मिश्रा, सीओ सदर सुभाष अत्री भी स्थिति नजर रखे हैं।
अंतिम संस्कार न करने पर अड़े परिजन
औरैया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम होने के बाद जब मृतका का शव सराय इमलिया पहुंचा तो उसके परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए कई नेताओं के अलावा पुलिस के उच्चाधिकारी पहुंचे। लेकिन परिजन न्याय न मिलने तक अंतिम संस्कार न करने की बात पर अड़ गए। पुलिस असफसरों ने उन्हें समझाया लेकिन वह अंतिम संस्कार को तैयार नहीं हुए। परिजनों ने पुलिस की बात नहीं मानी तो बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष बौद्वप्रिय गौतम, दिबियापुर प्रत्याशी रामकुमार अवस्थी, पूर्व प्रत्याशी कुलदीप दोहरे, ब्रह्रमानंद दोहरे, सर्वेश बाबू गौतम आदि बसपाई पहुंचे। देरशाम सदर विधायक मदन गौतम, एसपी व एडीएम के काफी समझाने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया।