कानपुर-बिूधना मार्ग पर जाम लगाए भीड़
- फोटो : amar ujala beuro
थाना क्षेत्र के बिधूना मार्ग स्थित ग्राम सिमरा पुर्वा में रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चलाते समय युवक ने हेलमेट नहीं लगाए था। घटना से आक्रोशित परिजनों ने मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
ग्राम पृथ्वीपुर थाना बेला निवासी मनोज दोहरे (25) पुत्र बहादुर दोहरे अपने रिश्तेदारी नाथूराम (50) पुत्र रघुवर दयाल के साथ बाइक से शुक्रवार देर रात अपने निजी काम से बाजार जा रहा था। जैसे ही वह क्षेत्र के ग्राम सिमरा पुर्वा के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक मनोज दोहरे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नाथूराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद जब मनोज दोहरे का शव वापस आया तो आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कानपुर-बिधूना मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बिधूना मदनचंद्र दुबे व बसपा के पूर्व विधायक शिवप्रसाद यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को आर्थिक मदद दिलाए जाने का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक जाम लगाए रखा।