घटना के बाद बदहवाश गायत्री त्रिवेदी।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के रामकृष्ण नगर में घर के दरवाजे पर पति के साथ बैठीं जीजीआईसी की रिटायर्ट टीचर के गले से तीन बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। पति के भिड़ने पर लुटेरों ने हवाई फायरिंग की। तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। रविवार दोपहर जीजीआईसी दिबियापुर से रिटायर्ट टीचर गायत्री त्रिवेदी पति वीरेंद्र नाथ त्रिवेदी के साथ घर के बाहर धूप सेंक रही थीं। करीब साढ़े तीन बजे अपाचे बाइक सवार तीन युवक गायत्री के पास आकर रुके।
इन्हाेंने किसी के घर का पता पूछा। उन्होंने पता मालूम होने से इंकार कर दिया। इसी बीच एक बदमाश ने गायत्री के गले में पड़ी करीब चार तोला सोने की जंजीर छीन ली। बदमाश के चेन छीनते ही वीरेंद्र लुटेरे से भिड़ गए। साथी को बचाने के लिए एक बदमाश ने फायर कर दिया। वीरेंद्र के सिर पर तमंचे से वार कर दिया। बदमाश से छीना झपटी में वीरेंद्र के हाथ में जंजीर का लाकेट रह गया। वारदात को अंजाम देकर तीनों बदमाश बाइक से भाग गए।
इसके बाद उनके पुत्र विपिन ने लुटेरों का काफी दूर तक पीछा किया। लेकिन वह नहीं मिले। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। लुटेरों का हुलिया पूछकर जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया। वीरेंद्र ने बताया कि लूटी गई जंजीर की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये थी। उन्होंने बताया कि तीनों लुटेरे दिबियापुर से बाहर के रहने वाले थे। लुटेरे अपने चेहरे खोले थे। माना जा रहा है कि लुटेरे रेकी करते रहे होंगे। दोपहर में रास्ता सुनसान होने पर वारदात को अंजाम दे दिया। वहीं घटना के बाद से गायत्री बदहवास हैं।