स्थानीय आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने नाके पर रविवार को निरीक्षण के दौरान एक निजी गाड़ी से करीब साढ़े तीन किलो ग्राम चांदी बरामद की है। पकड़ी गई ठोस चांदी की बाजार में कीमत एक लाख 52 हजार के करीब है।
आबकारी एवं कराधान विभाग के निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने यह जानकारी दी है। निरीक्षक वीरेंद्र कुमार के मुताबिक रविवार को नाके पर रूटीन चेकिंग के दौरान एक निजी गाड़ी की तलाशी के दौरान विभागीय कर्मियों ने ठोस चांदी बरामद की। चांदी को गाड़ी में छिपाकर हमीरपुर जिले के नादौन ले जाया जा रहा था। बिना बिल के ले जाई जा रही चांदी का मालिक खुद को आभूषणों का कारीगर बता रहा था। उसके मुताबिक वह यह चांदी पश्चिमी बंगाल के कोलकाता से लाया है। ठोस चांदी को वह अपनी भाषा में चौसा बता रहा था। दो-तीन चौसे गाड़ी में छिपाकर रखे हुए थे, जो अलग-अलग वजन के थे। विभागीय सूत्रों के मुताबिक उक्त व्यक्ति के पास चांदी का कोई बिल नहीं था।
ठोस चांदी का बाजार भाव 1 लाख 52 हजार रुपये था। इसके आधार पर उक्त व्यक्ति को 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। सूत्रों ने कहा कि उक्त व्यक्ति के पास एक सोने का आभूषण भी था, जिसे वह निजी बता रहा था। बाहरी राज्यों से बिना बिल के सामान की आमद के बढ़ने से विभाग भी चौकस हो गया है। हालांकि, आबकारी एवं कराधान निरीक्षक वीरेंद्र कुमार के मुताबिक स्थानीय नाके पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार से बिना बिल सामान हिमाचल की सरहद में दाखिल न हो सके।