दो दिन से लापता युवक का शव कुएं से बरामद होने के मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर नामजद दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सदर कोतवाली क्षेत्र में दादी की अंत्येष्टि में शामिल होने आए दिल्ली निवासी युवक अभिषेक का 28 जुलाई को कुएं में शव मिला था। मामले में मृतक अभिषेक उर्फ विक्की के पिता अशोक ने कोतवाली पुलिस को पुत्र का अपहरण कर हत्या करने की तहरीर दी थी। जिसमें पीड़ित पिता ने गांव के ही दो युवकों प्रह्लाद सिंह पुत्र रामरतन व जनक सिंह पुत्र विजय सिंह पर पुत्र का अपहरण कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।
इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश देनी शुरू कर दी थी। जिसमें पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए दोनों नामजद हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।