औैरैया से लौटकर अपने गांव जा रही नर्स को शनिवार रात बदमाशों ने दबोच लिया। उसका बैग छीनकर खेतों की तरफ खींचने लगे। महिला ने शोर मचाया तो ग्रामीण दौड़े। ग्रामीणों ने घेराबंदी करके एक बदमाश को पकड़ लिया। पीटकर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
क्षेत्र के गांव बिंदपुर निवासी महिला मीना देवी पत्नी अरुण कुमार औरैया के सरोज नर्सिंग होम में नर्स के पद पर कार्यरत है। शनिवार शाम औरैया से फफूंद आई। इसके बाद पैदल गांव जा रही थीं। बिंदपुर गांव के रास्ते पर तीन बदमाशों ने महिला को दबोच लिया। धमकाते हुए उसका बैग छीन लिया। सड़क के नीचे खेतों पर घसीटने लगे। महिला ने शोर मचाया तो ग्रामीण लाठी डंडा लेकर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों को आता देख बदमाश भाग खड़े हुए। मीना देवी ने बताया कि तीन बदमाशों ने उसका बैग छीन लिया। यह सुनकर ग्रामीण व परिजन चारों तरफ तलाशने लगे। एक बदमाश भागता हुआ दिखाई दिया। इस पर ग्रामीणों ने उसे दबोच कर पीटा और थाने ले आए। महिला ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर अन्य की तलाश में दबिश दे रही है।
चोर को दबोचकर पुलिस को सौंपा
क्षेत्र के ग्राम शहाब्दा में चोरी के इरादे से घुसे बदमाश को मकान मालिक ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। पिटाई के बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले किया। पकड़े गये बदमाश के अन्य साथी भाग निकले। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहाब्दा निवासी लल्ली पुत्र मट्टर लाल परिजनों के साथ शनिवार को मकान में सो रहे थे। रात दो बजे घर में आहट सुनकर जाग गए। उन्होंने घर में बदमाशों को देखा। परिवार के अन्य लोगों को जगाकर शोर मचा दिया। चोर भागे लेकिन ग्रामीणों की मदद से एक चोर को पकड़ लिया गया। उसे पीटने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पीड़ित मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि चोरों ने उसके कमरे मेें रखे बक्शों के ताले तो तोड़ दिये थे। ताले टूटने की आवाज से वह जाग गया। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि पकड़े गये युवक से पूछताछ जारी है।