-निरीक्षण करते प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह एवं पुलिस बल ।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम किशनपुर के नजदीक एक खेत में नीलगाय की हत्या की घटना तूल पकड़ गई। पुलिस किशनपुर से तीन युवकों को खाल समेत पकड़कर ले आई। बाद में ग्रामीणों ने थाने पर पहुंचकर हंगामा काटा। इस पर पुलिस को तीनों को छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि जांच में निर्दोष होने पर तीनों को छोड़ दिया गया।
मंगलवार की दोपहर थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर के पास पिछौरा के मेला ग्राउंड के नजदीक कुछ लोगों ने एक नीलगाय को मार दिया है। यह खाल उतार कर ले गए हैं। इस पर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, एसएसआई नन्हेंलाल फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। यहां नीलगाय मृत अवस्था में पड़ी थी।
बाद में गांव किशनपुर के एक घर से नीलगाय की खाल बरामद हुई। शाम तकरीबन साढ़े पांच बजे नीलगाय की खाल के साथ तीनों आरोपियों को थाना पुलिस पकड़कर थाने ले आई। लगभग एक घंटे बाद ग्राम किशनपुर के लगभग दो सैकड़ा ग्रामीण थाने में घुस आए।
यह आरोपियों को छोड़ने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इसके बाद तीनों आरोपियों को पुलिस को छोड़ना पड़ा। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि ग्रामीणों ने बताया है कि नीलगाय अपने आप मरी है। किसी ने मारा नहीं है। जांच के दौरान आरोप सिद्घ न होने पर तीनों को सीओ औरैया की मौजूदगी में छोड़ दिया गया।