कोतवाली में खड़ी जेसीबी मशीन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
प्रदेश सरकार ने भले ही अवैध खनन पर रोक लगाई हो लेकिन जिले में चोरी-छिपे कई स्थानों पर खनन हो रहा है। मंगलवार की दोपहर कोतवाली पुलिस ने गांव पुर्वा रहट में एक भट्ठा पर जेसीबी मशीन से खुदाई होते हुए चालक को पकड़ा और उसे कोतवाली ले आए। कुछ देर बाद पुलिस ने सेटिंग करते हुए उसे छोड़ दिया।
कोतवाली प्रभारी मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि भट्ठा मालिक के पास जेसीबी मशीन से खुदाई कराए जाने की परमीशन हैं। जबकि शासन की ओर से सख्त निर्देश हैं कि जेसीबी मशीन से किसी भी स्थान पर खुदाई नहीं की जाएगी। इस संबंध में एसडीएम सदर अमित राठौर ने बताया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति को जेसीबी मशीन से खुदाई कराए जाने की परमीशन नहीं दी है। अगर कोई व्यक्ति बिना परमीशन के खुदाई करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सीओ सिटी भास्कर वर्मा ने बताया कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।