बिधूना(औरैया)। शादी में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इससे पहले पति एक और शादी कर चुका था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के डोडापुर गांव निवासी आरोही उर्फ सोनम पुत्री रामलखन तिवारी ने कोतवाली बिधूना में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 16 फ रवरी 2017 को आशीष शुक्ला पुत्र बाबूप्रसाद शुक्ला निवासी सेक्टर ए अलीगंज लखनऊ के साथ हुई थी।
जब वह ससुराल लखनऊ पहुंची तो पता चला कि पति आशीष शुक्ला की पहले निधि नाम की लड़की के साथ शादी हो चुकी है। उसको उन्होंने तलाक भी नहीं दिया है।
ससुराल में सास मिथलेश शुक्ला, ससुर राजीव शुक्ला, जेठ मनीश शुक्ला पति आशीष शुक्ला आए दिन उत्पीड़न करने लगे और दहेज की मांग कर मारपीट करने लगे।
जब विरोध किया तो घर से निकाल दिया। कोतवाल अखिलेश ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति, सास,ससुर और जेठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।