दुकान के टूटे ताले दिखाता पीड़ित दुकानदार गोविंद प्रसाद दीक्षित।
- फोटो : अमर उजाला
दिबियापुर थाना क्षेत्र के ककोर बुजुर्ग स्थित खाद भंडार की पांच दुकानों के ताले तोड़कर गुुरुवार रात चोरों ने एक लाख नगदी सहित साढ़े तीन लाख का सामान चोरी कर लिया। सूचना पर पहुंचे दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को चोरी की तहरीर दी है।
ककोर बुजुर्ग स्थित दीक्षित खाद भंडार पर गुरुवार रात चोरों ने पांच दुकानों के शटर के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान की गोलक में रखे एक लाख रुपये, सरसों का तेल, पशु आहार, रिफाइंड, खाद, बीज, दवा, खरी, एक ड्रम डीजल आदि करीब साढ़े तीन लाख रुपये का माल उड़ा दिया। सुबह वहां से निकल रहे ग्रामीणों ने दुकान के शटर के ताले टूटे देखे तो दुकान मालिक गोविंद प्रसाद दीक्षित को सूचना दी। गोविंद दुकान पहुंचे तो चारों तरफ सामान बिखरा था। गोलक खाली पड़ी थी।
उन्होंने तत्काल 100 नंबर पर सूचना दी। पीड़ित दुकान मालिक ने आरोप लगाया कि चार बार फोन करने के बाद भी पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि एक साल पहले भी उनकी दुकान पर चोरी हुई थी। उस समय दुकान पर दो कर्मचारी सोते थे। उनको चोरों ने घायल कर दिया था। उसके बाद से दुकान पर कोई नहीं सोता है। पीड़ित ने मामला दर्ज कराने को थाना पुलिस को तहरीर दी है।