दहेज में एक लाख रुपये व बाइक की डिमांड पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मायके आकर परिजनों को बात बताई और परिजनों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अछल्दा कस्बा निवासी चंदा पोरवाल पुत्री प्रमोद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके पिता ने उसका शादी इटावा के बसरेहर निवासी रामजी के साथ की थी। शादी के कुछ दिन सब कुछ ठीक रहा है।
मगर इसके बाद ससुरालीजन कम दहेज में एक लाख रुपये व एक बाइक की डिमांड करने लगे। उसने जब मना किया तो उसकी मारपीट की गई। इसके बाद उसने अपने परिजनों को बात बताई तो परिजनों ने भी अतिरिक्त दहेज दे पाने में असमर्थता जाहिर कर दी। जब उसने ससुरालियों को ये बात बताई तो वह रोज उसके साथ मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। मायके वालों ने कई बार ससुरालियों को समझाया मगर वे नहीं मानें। विरोध करने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति रामजी, ससुर सतीश चंद्र व सास द्रोपदी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।