क्षेत्र के ग्राम भटपुुरा में एक मकान में दीवार तोड़कर घुसे दबंगों ने घर में आग लगा दी। विरोध करने पर मकान में मौजूद महिलाओं को पीटा। आग से मकान मालिक का हजारों रुपये का अनाज व दैनिक उपयोग का सामान जल गया। घटना की जानकारी पीड़ित महिला ने थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी ने शीघ्र अभियुक्तों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरा निवासी मुन्नी देवी पत्नी छेदालाल ने तहरीर में बताया कि सोमवार दोपहर वह और उसकी बहू अपने घर पर थी। इसी बीच गांव के ही दबंग दीवार तोड़कर मकान में घुस आए और गाली गलौज करने लगा। जिसका विरोध करने पर दबंगों ने उसकी मड़ैया में आग लगा दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की। जिससे उसे व उसकी बहुओं को गंभीर चोटें आईं हैं। बताया कि आग देख पहुंचे ग्रामीणों की मदद से आग को काबू में पाया गया। बताया कि आग से मड़ैया में रखा दैनिक उपयोग का सामान और हजारों रुपये कीमत का अनाज, गेहूं आदि जलकर राख हो गया है।
बताया कि ग्रामीणों से आने पर दबंग मौका पाकर भाग निकले। इधर पीड़ित महिला ने तहरीर देते हुए मामला दर्ज कर दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। थाना प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।