शहर के जालौन रोड स्थित गायत्री नगर में एक घर से शनिवार रात बदमाशों ने नगदी सहित लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना के दौरान पूरा परिवार बाहर गया था। दूसरे दिन आने पर घटना की जानकारी हुई। घर में 10 जुलाई को लड़के की शादी के लिए चढ़ावे का सामान रखा था। पीड़ित की सूचना पर कोतवाली प्रभारी और फिंगर प्रिंट एक्पर्ट टीम मौके पर पहुंची।
शनिवार रात ब्रह्मनगर चौकी क्षेत्र स्थित गायत्री नगर मोहल्ला निवासी श्याम बेटी पत्नी राम किशोर के सूने मकान में बदमाश घुस गए। कमरों के ताले तोड़कर बक्से से पचास हजार रुपये नगद सोने के चार ब्रजबाला, दो अंगूठी, ढाई सौ ग्राम की तोड़ियां, एक जोड़ी सोने की झुमकी आदि उड़ा दी। पीड़ित के पुत्र अंकुश कुमार ने बताया कि शनिवार को वह पत्नी के साथ मुरादगंज डाक्टर के पास गए थे। जहां से वह ससुराल बीजलपुर चले गए। उनकी मां श्याम बेटी अपने भाई के घर बसंतपुर गई थी। चोरों ने सूना घर देख घटना को अंजाम दे दिया।
उसने बताया कि घटना की जानकारी रविवार को हुई। मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचा तो कमरे खुले पड़े थे। सामान जमीन पर बिखरा था। पीड़ित ने बताया कि इसके बाद वह तहरीर लेकर रविवार को ही कोतवाली पहुंचा। लेकिन उसकी फरियाद किसी ने भी नहीं सुनी। सोमवार को सुबह सभासद डा. रघुनंदन की मदद से 100 नंबर पर सूचना दी। तब पुलिस सक्रिय हुई। चौकी इंचार्ज देवकली धर्मेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी नन्हें लाल, चौकी इंचार्ज ब्रह्मनगर सतेंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश मिश्रा मौके पर पहुंच गए।
हाय साहब अब कैसे करिहैं लरका की शादी
मौके पर मौजूद गृहस्वामिनी श्याम बेटी का रो-रो कर बुरा हाल था। घर में 10 जुलाई को उसके छोटे बेटे लवकुश की शादी थी। एक जुलाई को लगुन कार्यक्रम था। अचानक चोरी की घटना से सब कुछ लुट जाने से उसको कुछ भी नहीं सूझ रहा है। बस रोते रोते चिल्ला रही थी कि हाय साहब सब कुछ लुट गयो अब कैसे कर पहिएं लरका की शादी।
घर खाली छोड़े तो कोतवाली को दें सूचना
शहर में दिनोंदिन बढ़ रही चोरी की घटनाओं से परेशान घटनास्थल पर मौजूद कोतवाली प्रभारी नन्हें लाल कुछ अलग ही मूड में दिखाई दिए। बोले कि जब घर को सूना छोड़कर जा रही रहे थे तो किसी को बता देना चाहिए था। ज्यादा नहीं तो कोतवाली पुलिस को तो सूचना दे देते। जिससे वहां गश्त बढ़ा देते। कोतवाली प्रभारी नन्हें लाल ने कहा कि शहर में यदि ऐसी स्थिति में कोई भी अपने घर को सूना छोड़कर बाहर जाए तो कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दे। जिससे घर के बाहर गार्ड लगाया जा सके।