कोतवाली के मालखाने से 1806 क्वार्टर अवैध बरामद होने के मामले में आरोपी पूर्व कोतवाल नन्हेलाल सस्पेंड होने के बाद से फरार है। शुक्रवार को जब लाइन पर उन्होंने आमद नही दर्ज कराई तो उनके आवास पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
पिछले सप्ताह एक टीवी पर नन्हेलाल यादव का वीडियो चला जिसमें वह एसपी पर रिश्वत लेकर कोतवाली व थाने देने का आरोप लगा रहे थे। इस वीडियो के चैनल पर चलने के बाद उच्चाधिकारियों की नजर में नन्हेलाल यादव आ गए। वीडियो चलने के दो दिन बाद ही औरैया कोतवाली का मालखाना खुलवाया गया। इसमें 1806 क्वार्टर शराब बरामद हुई। इसकी कोई लिखापढ़ी नही थी। बताया गया कि यह शराब नन्हेलाल यादव ने रखी थी और कोतवाली से बेंची जा रही थी। इसके बाद एसपी ने अयाना थानाध्यक्ष नन्हेलाल यादव को सस्पेंड कर दिया।
सस्पेंड होने के बाद लाइन में आमद कराने को कहा। लेकिन नन्हेलाल यादव फरार हो गए हैं। आमद न होने पर उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई मगर उनसे कोई संपर्क नही हुआ। पुलिस ने अब उनके अयाना स्थित सरकारी आवास पर नोटिस चस्पा कर दिया है। इसमें लाइन हाजिर के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पूरे मामले से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में सीओ अजीतमल ने बताया कि नन्हेलाल यादव फरार हैं। उनकी तलाश कराई गई मगर नही मिले। इसलिए सरकारी आवास पर नोटिस चस्पा किया गया है।