थाना क्षेत्र के ग्राम बरौआ में गैरहाजिरी दर्ज करने पर शिक्षक ने प्रधानाध्यापक पर रिवाल्वर तान दी। इससे हड़कंप मच गया। इस मामले में सहायक अध्यापक सहित चार लोगों के खिलाफ रिवाल्वर दिखाकर सरकारी कार्य में बाधा पहुुंचाने, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाग्यनगर विकास खंड के गांव बरौआ के प्राइमरी स्कूल में प्रधानाध्यापक व मोहल्ला नरायनपुर पुलिस चौकी के पास रहने वाले प्रशांत कुमार ने स्कूल के सहायक अध्यापक व उसके साथियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि सहायक अध्यापक राहुल तिवारी, सेवानिवृत्त शिक्षक योगेंद्र तिवारी व दो अज्ञात व्यक्ति 12 सितंबर की दोपहर विद्यालय में पहुंचे। इन्होेंने रिवाल्वर दिखाकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए गाली-गलौज किया। जान से मारने की धमकी भी दी। इन्होंने बताया कि राहुल तिवारी सप्ताह में मात्र दो दिन स्कूल आते हैं। यह रजिस्टर में हस्ताक्षर कर चले जाते हैं। 12 सितंबर को राहुल तिवारी स्कूल नहीं आए। इस पर रजिस्टर में इनकी गैरहाजिरी दर्ज कर दी।
इसके बाद राहुल तिवारी विद्यालय आए। यह रजिस्टर में अनुपस्थित लगी देखकर वापस चले गए। शुक्रवार को यह अपने तीन साथियों के साथ विद्यालय पहुंचे। इन्होंने रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए गाली-गलौज किया। प्रधानाध्यापक की तहरीर पर पुलिस ने सहायक अध्यापक राहुल तिवारी, सेवानिवृत्त शिक्षक योगेंद्र तिवारी व दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना की विवेचना कर रहे सीओ नरेश सिंह यादव ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।