औरैया। दिल्ली से हावड़ा जा रही तूफान एक्सप्रेस में गुरुवार की देर शाम फौजियों की शराब के नशे में एक-दूसरे से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। फफूंद स्टेशन पर हंगामा कर रहे फौजी को रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया। फौजी ने जीआरपी चौकी में जमकर हंगामा किया। फर्नीचर आदि सामान तोड़ दिया। यहां मौजूद लोगों से गाली-गलौज की।
झमऊबाड़ा गोपालगंज बिहार के नीरज कुमार पुत्र रामेश्वर 511 एस बटालियन अहमदाबाद में तैनात हैं। यह तूफान एक्सप्रेस से साथियों के साथ घर जा रहे थे। रास्ते में शराब पीने के बाद इनमें मारपीट हो गई। साथी फौजियों ने फफूंद रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रेन लगभग एक घंटे खड़ी रहने से यात्रियों ने भी हंगामा किया। हंगामे के बाद ट्रेन चली गई। जीआरपी चौकी में भी फौजी ने हंगामा काटा। चौकी में कुर्सी तोड़ डाली।
जीआरपी चौकी प्रभारी सैय्यद मो. अहमद ने एसपी आगरा सहित सभी उच्चाधिकारियों को घटना बताई। बाद में फौजी को रेलवे जीआरपी चौकी प्रभारी सैय्यद मोहम्मद अहमद ने स्टाफ के साथ कानपुर ले जाकर मिलेट्री अॅाफिस के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में चौकी प्रभारी का कहना है कि फौजी नशे में था। उसे मिलेट्री अॅाफिस पहुंचा दिया गया है।
तूफान एक्सप्रेस में फौजी का हंगामा
नशे की हालत में साथी फौजियों से भिड़ा, जीआरपी चौकी में की तोड़फोड़