बिधूना (औरैया)। गांव पुर्वा विधी में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से तीन किसानों के डेढ़ सौ से ज्यादा गेहूं के गट्ठर जलकर राख हो गए। खेत तक पहुंचने का रास्ता सही न होने से फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सकी। इसके चलते गांव वालों ने किसी तरह आग बुझाई। सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा और नुकसान का आंकलन किया।
गांव पुर्वा विधि निवासी महावीर के खेत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग होने से चिंगारी खेत में खड़ी फसल पर गिरी, जिससे आग लग गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी खेत मालिक व कोतवाली पुलिस को दी और आग बुझाने में जुट गए। रास्ता सही न होने से फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग को काबू में किया। लेकिन तब तक डेढ़ सौ बीघा में खड़ी व रखी फसल जलकर राख हो चुकी थी। आग से महावीर की चार बीघा खेत में फैले लगभग 60 गेहूं के गट्ठर नष्ट हो गए। आग की चपेट में आने से पास ही स्थित आशा देवी के खेत में पड़े लगभग 50 गेहूं के गट्ठर और प्रतापभान के लगभग 50 गेहूं के गट्ठर जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंचे लेखपाल ने आग से नुकसान का आंकलन किया।
उप जिलाधिकारी रमापति ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, ग्राम प्रधान गीता देवी सेंगर व पूर्व प्रधान संजय सिंह सेंगर आदि ने अधिकारियों से पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता दिलाने मांग की है।