कोंच। बाइक सवार दंपति ने नदीगांव पुलिस पर डंडा फेंककर मारने का आरोप लगाया है। पति का आरोप है कि चेकिंग के दौरान सिपाहियों ने डंडा फेंककर मारा। इससे उसकी पत्नी घायल हो गई है। घायल हालत में महिला पति के साथ सीओ कार्यालय पहुंची और पुलिस की करतूत बताई।
जानकारी के अनुसार, नदीगांव थाना पुलिस शुक्रवार को गिदवासा पर वाहन चेकिंग कर रही थी। मध्यप्रदेश की ओर से एक बाइक सवार दंपति आ रहे थे जिन्हें सिपाहियों ने रुकने का इशारा किया। रवींद्र सिंह निवासी रानीपुरा का आरोप है कि वह कुछ समझ पाता और बाइक रोकता तब तक एक सिपाही ने उनकी बाइक की ओर डंडा फेंककर मारा। इससे पीछे बैठी उनकी पत्नी नेहा बाइक से नीचे सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गई।
यह देख सिपाही मौके से नौ दो ग्यारह हो गए। किसी तरह वह पत्नी को लेकर पास के डाक्टर के पास पहुंचा। उपचार के दौरान नेहा के माथे पर तीन चार टांके लगे हैं। इसके बाद दोनों पति पत्नी सीओ के दफ्तर पहुंचे। नेहा ने सीओ रुक्मिणी वर्मा को बताया कि सिपाही के हाथ देने पर उसके पति बाइक रोक रहे थे इसके बावजूद उसने फेंक कर डंडा मारा।
सीओ का कहना है कि ड्यूटी वाले सिपाही का पता कर मामले की गंभीरता के साथ जांच की जाएगी। वहीं नदीगांव थानाध्यक्ष का कहना है कि महिला स्वयं ही बाइक से गिरकर घायल हुई है। डंडा फेंककर मारने वाली बात गलत है।
नदीगांव में वाहन चेकिंग के दौरान हुई घटना
दंपति की शिकायत पर सीओ कराएंगी जांच
अमर उजाला ब्यूरो