औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के फफूंद रोड पर रविवार को भाजपा जिला उपाध्यक्ष के आवास के बाहर और कार्यालय में पहुंचे बाइक सवार दबंगों ने जमकर फायरिंग की। कार्यालय में कुछ युवकों व कर्मचारियों ने जब विरोध किया तो मारपीट शुरू हो गई। एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को थाने में जमा किया है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष भी थाने पहुंच गए। पुलिस फायरिंग की घटना से इंकार कर रही है। घटना की जानकारी होने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी भी मौके पहुंच गए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ग्रीश तिवारी के आवास के बाहर लगभग छह बाइक सवारों ने गाली गलौज कर फायरिंग की। उनके कार्यालय मां केला देवी इंटर प्राइजेज के बाहर भी फायरिंग कर दी। इससे कार्यालय में बैठे कर्मचारी व उनके पुत्र बाहर आ गए तो दबंगों से मारपीट होनेे लगी। मारपीट होने के दौरान एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। झगड़ा होते देख बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए तो दबंग भाग खड़े हुए।
जिला उपाध्यक्ष का कहना है कि दबंगों का काम आए दिन दहशत फैलाना है। आरोपी को वह जानते हैं, पांच महीना पहले आरोपी से उनकी कहासुनी हुई थी, जिस पर उन्होंने तहरीर दी थी, लेकिन फिर तहरीर वापस ले ली थी। तब से वह रंजिश मानता है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी थी। घटना के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फायरिंग की बात झूठी है। लड़ाई झगड़ा हुआ है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।
-पुत्र और कर्मचारियों से दबंगों से मारपीट, एक बाइक भी क्षतिग्रस्त
-भाजपा नेता ने थाने में नहीं दी तहरीर, हालांकि पांच महीने पहले दबंग से कहासुनी की बात स्वीकारी
अमर उजाला ब्यूरो