सौ बेड अस्पताल में ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक पद पर तैनात आदेश कुमार को चकमा देकर कुछ लोगों ने कार की डिग्गी से बैग चोरी कर लिया। बैग में 59 हजार रुपये थे। शनिवार की सुबह एक ग्रामीण ने फोन कर बैग लौटा दिया। ग्रामीण का कहना है कि बैग रास्ते में पड़ा मिला था। बैग में रखे चेक व अन्य कागज मिल गए। रुपये गायब थे। कोतवाली में घटना की तहरीर दी गई है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में आदेश कुमार ने बताया कि उन्होंने गुरुवार की दोपहर एचडीएफसी बैंक से 49 हजार रुपये निकाले थे। इन्हें बैग में रख लिया। बैग में दस हजार पहले से थे। बैग को डिग्गी में रखकर कार स्टार्ट करने लगा। तभी एक व्यक्ति ने बताया कि गाड़ी से मोबिल आयल फैल रहा है। इस पर वह बोनट खोलकर चेक करने लगा। इतनी देर में किसी ने डिग्गी से बैग पार कर दिया। कार से मोबिल आयल फैल ही नहीं रहा था।
शनिवार की सुबह मटहौली गांव से एक ग्रामीण ने फोन किया। उसने बताया कि उसे बैग रास्ते में पड़ा मिला। बैग में मिली डायरी में लिखे नंबर से फोन किया है। वह गांव गया तो ग्रामीण ने बैग वापस कर दिया। ग्रामीण ने बताया कि बैग में रुपये नहीं थे। उसे बैग में कुछ कागज और चेक मिले। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।