औरैया। एसपी आवास के ठीक पीछे स्थित मोहल्ला रजानगर में शुक्रवार रात चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान से दूसरे घर में घुसे नगदी व जेवरात समेत दो लाख रुपये का माल पार कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
एसपी आवास के पीछे स्थित रजा नगर निवासी अल्ताफ के घर पर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। अल्ताफ ने बताया कि उसके घर से सटे एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार की रात चोर निर्माणाधीन मकान के सहारे उसके घर की छत पर पहुंचे और सीढ़ी के सहारे घर में उतर आए। चोरों ने बक्सों से जेवरात पार कर दिए। इसके अलावा अलमारी में रखे 40 हजार रुपये भी ले गए।
नगदी समेत लगभग दो लाख रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी सुबह उठने पर हुई। बताया कि उसने यूपी 100 पुलिस को फोन से घटना बताई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की। कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच के आधार पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।