औरैया। जहरखुरानी का शिकार हुआ युवक बेहोशी की हालत में खानपुर चौराहे पर पड़ा मिला। राहगीरों ने युवक की गंभीर हालत को देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम तक युवक को होश नहीं आ सका था। उसका उपचार जारी है। युवक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई है।
सदर कोतवाली के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खानपुर चौराहे के निकट गुरुवार सुबह राहगीरों ने एक युवक को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम तक युवक को होश नहीं आ सका था। चिकित्सकों ने बताया कि युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान मनीष चौहान (25) पुत्र पूरन सिंह निवासी रामगंज रेलवे स्टेशन रोड जलवानपूरा अयोध्या (फैजाबाद) के रूप में हुई है। युवक की जेब से पर्स भी मिला, जिसमें 160 रुपये थे।
चिकित्सकों ने बताया कि युवक जहरखुरानी का शिकार हुआ है। चिकित्सकों ने बताया कि युवक के होश आने पर ही उसके परिवारीजनों को सूचना दी जाएगी और युवक के पूरी तरह होश में आने के बाद ही मालूम पड़ सकेगा कि उससे कितने की लूट हुई है।
-राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस, आधार कार्ड से हुई पहचान
अमर उजाला ब्यूरो