कदौरा। थाना क्षेत्र में एक घर में संदिग्ध हालात में आग लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से करीब डेढ़ लाख का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं गृहस्वामी ने गांव के एक युवक पर आग लगाने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कानाखेड़ा निवासी नंदू पाल पुत्र रामेश्वर पाल व उसका परिवार रविवार रात घर के आंगन में सो रहा था। तभी अचानक देर रात घर में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही ग्रामीण दौड़े और नंदू व उसके परिजनों ने घर के बाहर भाग कर अपनी जान बचाई।
इसके बाद ग्रामीणों ने पानी डाल डाल कर करीब आधे घंटे में किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग से घर में रखा काफी सामान जल चुका था। नंदू ने बताया कि आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नंदू ने गांव के जयराम पाल पुत्र देवी प्रसाद पर मकान में आग लगाने का आरोप लगाया है।
नंदू ने बताया कि रविवार की सुबह जयराम पाल से उसका झगड़ा हो गया था। तब जयराम ने उससे मारपीट भी की थी। इसके बाद रात में मकान में आग लगा दी। नंदू की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वैसे अभी आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
-पीड़ित ने गांव के एक युवक पर आग लगाने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो