मुहम्मदाबाद। डकोर थाना क्षेत्र के गोरन गांव में घर के बंटवारे के विवाद में पिता ने बेटे के ऊपर कुल्हाड़ी से वार कर दिया था। जिससे बेटे की मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी सोनम ने ब्रह्मादीन पुत्र नंदराम निवासी गोरन थाना डकोर के खिलाफ कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने का आरोप लगाया था। आरोप के आधार पर डकोर थाने में मामला पंजीकृत किया गया है।
डकोर के गोरन गांव निवासी ब्रह्मादीन के दो पुत्रों में बड़ा बेटा उदयनारायण (26) अपने पिता से घर में बंटवारे की मांग करता था। जिसे लेकर पिता-पुत्र में अक्सर विवाद होता था। शनिवार शाम एक बार फिर से बंटवारे को लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी हुई।
मामला इतना बढ़ा कि पिता ब्रह्मादीन कमरे से कुल्हाड़ी निकालकर ले आया और पुत्र के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोपी पिता घटना के बाद मौके से भाग गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस हत्यारोपी पिता की तलाश कर रही है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।