कदौरा (जालौन)। चोरों ने मजदूर के घर से एक लाख के जेवर व नगदी में हाथ साफ कर दिया। परिजन जब सुबह सोकर उठे तो घर में सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमरा बावनी निवासी पप्पू नागर के घर के कुछ लोग इलाज के लिए कानपुर गए हैं। घर पर पप्पू व उसके बच्चे ही थे। गुरुवार की रात खाना खाकर सभी अपने कमरे में सोने चले गए। इस बीच देर रात को चोर छत के रास्ते से घर में घुसे और दूसरे कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रक्खे 650 ग्राम चांदी, सोने का मंगल सूत्र व नथनी और 10 हजार रुपये समेट ले गए।
शुक्रवार सुबह जब घरवालों की आंख खुली तो कमरे में सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। पप्पू ने बताया कि एक लाख रुपये की चोरी हुई है और जानकारी उसकी पत्नी के आने पर होगी । 8 माह के अंदर गांव में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि चोरों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।