जालौन। हलवाई के साथ काम पर गए मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कार सवार लोग मजदूर के शव को उसके घर के बाहर छोड़कर चले गए। मृतक के पुत्र ने अनहोनी की आशंका जताकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हरीपुरा निवासी श्यामसुंदर (60) शादी विवाह एवं अन्य कार्यक्रमों में दोना-पत्तल उठाने का काम करता है। गुरुवार की रात करीब 8 बजे एक चौपहिया वाहन से कुछ लोग उसका शव घर के बाहर छोड़कर चले गए। जब परिजनों ने शव देखा तो चीख पुकार मच गई।
देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। तभी किसी ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के पुत्र रामऔतार ने पुलिस को बताया कि उनके पिता श्यामसुंदर कुसमरा निवासी सुकुल हलवाई के साथ काम करते थे।
गुरुवार को कुसमरा गांव में आयोजित एक भंडारे में वह दोना-पत्तल उठाने के लिए गए थे। इसके बाद उनका शव ही घर पहुंचा है। कोतवाल देवेंद्र सिंह का कहना है कि शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। फिर भी हलवाई और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।