अमर उजाला ब्यूरो
बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुदरकोट में मंगलवार की रात जमीन के विवाद में फायरिंग और मारपीट हुई थी। पीड़ित पक्ष ने सपा नेता समेत पांच नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुदरकोट निवासी संजय सिंह बाथम ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की देर शाम उसका पारिवारिक भाई कुमारेश भैंस चराने खेत पर गया था। उसके साथ मेरी चाची मुन्नी देवी भी थी। वहां पर राम नरेश, अशोक यादव, कुलदीप, अनूप तिवारी व वरुण कुमार निवासीगण कुदरकोट व 20 अन्य साथियों के साथ मेरे भाई लालू के लाही के खेत पर ट्रैक्टर चलवा रहे थे। तभी मेरे भाई कुमारेश ने विरोध किया तो इन लोगों ने प्राण घातक हमला कर दिया। रायफल से सीधा फ ायर किया जो उसके कंधे से होकर निकल गई। चाची मुन्नी देवी बचाने दौड़ीं तो उन्हें भी लाठी डंडों व असलहों से पीटा। पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 307, 504, 506 में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी। मगर आरोपी घरों से फरार हो गए थे।